सोमवार, 9 अक्तूबर 2017

चे के दीवानों के लिए खास

आज के दिन चे ग्वेरा को बोलीविया की सेना ने गोली मार दी थी। उन्हें एक दिन पहले सही सलामत पकड़ लिया गया था। बावजूद इसके उन्हें गोली मार देने का फैसला हुआ। यहां मैं मशहूर अखबार गार्जियन के लिए रिचर्ड गॉट की उस रिपोर्ट का हिन्दी अनुवाद पेश कर रहा हूं जो चे की मौत के बाद तुरंत बाद लिखी गई थी। मुझे विश्वास है ये आपके लिए किसी दस्तावेज़ की तरह होगी। रिपोर्ट बॉलीविया के वेलेग्राण्ड में 10 अक्टूबर 1967 को लिखी गई थी। अनुवादक रघुवंश मणि हैं।
पिछली रात पाँच बजे चे ग्वेरा का पार्थिव शरीर दक्षिणी-पश्चिमी बोलीविया के इस पहाड़ी कस्बे में लाया गया।
हेलिकाप्टर से स्ट्रेचर पर बंधे छोटे शरीर के लैंडिंग रेलिंग पर उतरने के साथ ही बाद की सारी कार्रवाही का दायित्व एक सैनिक वर्दी वाले व्यक्ति को सौंप दिया गया जिसके बारे में सभी पत्रकारों का मत है कि वह नि:सन्देह अमेरिका की किसी गुप्तचर एजेन्सी का प्रतिनिधि है। वह सम्भवत: कोई क्यूबन निर्वासित है और इस प्रकार जीवन भर अकेले ही संयुक्त राज्य अमेरिका के विरुध्द युध्द छेड़ने वाले चे ग्वेरा ने मृत्यु के पश्चात स्वयम् को अपने प्रमुख शत्रु के सामने पाया।
हेलिकाप्टर को जानबूझ कर उस जगह से दूर उतारा गया जहाँ भीड़ एकत्रित थी और मृत गोरिल्ला युध्द के नायक के शरीर को जल्दी से एक वैन में पहुँचाया गया। हमने एक जीप से उसका पीछा करने को कहा और ड्राइवर उस हास्पिटल के गेट से निकलने में सफल रहा जहाँ उनके शरीर को एक छोटे से रंगीन वाश हट में ले जाया गया जो शवगृह के रूप में इस्तेमाल होता था।
वैन के दरवाजे खुले और अमेरिकी एजेन्ट चीखते हुए बाहर कूदा और चिल्लाया 'इसे जल्दी से बाहर करो।' एक पत्रकार ने उससे पूछा कि वह कहाँ से आया है। उसने गुस्से में जवाब दिया, 'कहीं से नहीं।'
ओलिव हरे रंग की फैटिग और जिपर्ड जैकेट पहने पार्थिव शरीर को उस झोपड़ी में ले जाया गया। यह सुनिश्चित तौर पर चे ग्वेरा का ही पार्थिव शरीर था। जब पहली बार मैने जनवरी में उनके बोलिविया में होने की बात अपनी रिर्पोट में लिखी थी, तभी से मैं लोगों की इस बात पर यकीन नहीं करता था कि वे कहीं और हैं।
मैं सम्भवत: उन कतिपय लोगों में से हूँ जिन्होने उन्हें जीवित देखा था। मैने उन्हे क्यूबा में 1963 में एम्बेसी के एक रिसेप्शन पर देखा था और मुझे कोई सन्देह नहीं कि यह चे ग्वेरा का ही पार्थिव शरीर है। काली घुंघराली दाढ़ी, उलझे बाल और दायीं कनपटी पर एक घाव है जो शायद जुलाई की एक दुर्घटना का परिणाम है जब उन्हें एक राइफल की गोली छूकर निकल गयी थी।
उनके पैरों मे मोकासिन्स थीं मानों जंगल में तेजी से दौड़ते समय उन्हे गोली मारी गयी हो। उनके गर्दन के निचले हिस्से में दो गोलियों के लगने के निशान थे और शायद एक गोली उनके पेट में भी मारी गयी थी। ऐसा विश्वास है कि उन्हे तब पकड़ा गया जब वे गंभीर रूप से घायल थे, लेकिन उन्हे युध्द क्षेत्र से बाहर निकालने वाले हेलिकाप्टर के आने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गयी थी।
मुझे केवल एक बात को लेकर उनकी पहचान पर संदेह था। मेरी स्मृति की तुलना में चे पहले से काफी दुबले हो गये थे, लेकिन इसमें कोई आश्चर्य नहीं क्योंकि महीनों जंगल में रहने के कारण उनके पहले के भारी शरीर में यह बदलाव आया होगा।
जैसे ही पार्थिव शरीर शवगृह में पहुँचा डाक्टरों ने उसमें प्रिजर्वेटिवस डालने और अमेरिकन एजेन्ट ने लोगों को दूर रखने के निष्फल प्रयास करने प्रारम्भ किये। वह बहुत परेशान था और जब भी उसकी ओर कैमरा होता था, वह क्रुध्द हो जाता था। उसे पता था कि मैं जानता हॅॅूं कि वह कौन है। उसे यह भी पता था कि मैं जानता हॅॅूं कि उसे यहाँ नहीं होना चाहिए क्योंकि यह एक ऐसा युध्द था जिसमें अमेरिकी लोगों के होने की आशा नहीं की जाती था।
फिर भी यह शख्स उपस्थित था जो वेलेग्राण्ड में सेना के साथ था और अफसरों से परिचितों की तरह बातें कर रहा था।
शायद ही कोई यह कहे कि चे को ये बातें मालूम न थीं क्योंकि उनका उद्देश्य ही अमेरिका को लाटिन अमेरिका में हस्तक्षेप के लिए उत्तेजित करना था ताकि युध्द पीड़ित वियतनाम को मदद मिल सके। लेकिन वे निश्चित रूप से महाद्वीप में अमेरिकी गुप्तचर एजेसियों की ताकत और पहुँच का ठीक-ठीक अंदाजा लगाने में चूक गये और यही उनके और वोलीवियायी गुरिल्लाओं की असफलता का प्रमुख कारण बना।
अब उनकी मृत्यु हो चुकी है। जब उनके शरीर में प्रिजवेटिव्स भरे जा रहे हैं और भीड़ अन्दर आने के लिए चीख रही है, यह सोचना कठिन है कि यह व्यक्ति एक समय लाटिन अमेरिका के महान लोगों में से एक था।
वह मात्र एक महान गुरिल्ला नायक नहीं थे, वे क्रान्तिकारियों और राष्ट्रपति के मित्र भी थे। उनकी आवाज को अन्तर-अमेरिकी कौंसिल्स के अतिरिक्त जंगलों में भी सुना-समझा जाता था। वे एक डाक्टर, गैरपेशेवर अर्थशास्त्री, क्रान्तिकारी क्यूबा में उद्योग मंत्री और फिडल कास्त्रो के दाये हाथ थे। सम्भवत: उन्हे इतिहास में बोलिवर के बाद का सबसे महत्वपूर्ण महाद्वीपीय व्यक्तित्व माना जाय। उनके नाम के चारो ओर गाथाएँ रची जानी हैं।
वे चीनियों और रूसियों के बीच चल रहे सैध्दान्तिक झगड़ों से परेशान र्माक्सवादी थे। वे सम्भवत: अन्तिम व्यक्ति थे जिन्होने दोनों के बीच का रास्ता खोजने की कोशिश की और सभी जगहों पर संयुक्त राज्य के विरुध्द क्रान्तिकारी ताकतों को एकत्र करने की मुहिम चलायी। वे अब मृत हैं लेकिन यह सोचना कठिन है कि उनके विचार भी उनके साथ मर जायेंगे।

(इति इतिहास श्रृंखला)

चे की 50वीं पुण्यतिथि ..

बेतरतीब दाढ़ी, सितारे लगी टोपी, मुंह में सिगार और पांव में ऊंचे जूते.. ये आदमी कई पीढ़ियों के ज़हन में है। भले नाम तुरंत याद ना आए तो भी कोई नहीं कह सकता कि मैंने इस आदमी को नहीं देखा। किसी का अंदाज़ा है कि ये कोई पॉप स्टार है तो किसी ने इसे अमेरिकी हीरो बताया। अमेरिका का सबसे बड़ा दुश्मन अमेरिकी यूथ में आज खूब पसंद किया जाता है। टीशर्ट, जूते, हेलेमेट, लाइटर.. किसी भी चीज़ पर आप उसके चेहरे का दीदार कर सकते हैं। जाने-अनजाने कई पीढ़ियां उससे वाकिफ रही हैं। ये चे है.. अर्नेस्तो चे ग्वेरा।
अर्नेस्तो ‘चे’ ग्वेरा ने क्यूबा का ना होकर भी वहां हुई सशस्त्र क्रांति में अहम रोल निभाया था। फिदेल कास्त्रो ने सरकार बनाई तो दूसरे देशों से संंबंध स्थापित करने का ज़िम्मा उन्हें ही सौंपा। नेहरू सरकार ने चे को विशेष आमंत्रण भेजा और 30 जून 1959 को वो दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पहुंचे थे। किसी रॉकस्टार सरीखे दिखते चे की अगवानी प्रोटोकॉल ऑफिसर डी एस खोसला ने की थी। 1 जुलाई 1959 को चे और नेहरू की मुलाकात हुई औऱ उन्होंने साथ ही खाना खाया। वो दिल्ली के करीब पिलाना गांव भी गए थे। कमाल ये है कि चे की इस दौरे की जानकारी उन्हें चाहनेवालों को भी नहीं है। लोगों को ये बात हैरान करती है कि वो कभी भारत आए थे। यहां फाइल्स में उनका नाम अर्नेस्ट गेवारा दर्ज है। दिल्ली ही नहीं चे कलकत्ता भी गए और उसके अलावा कई और शहरों में भी। उनके इस दौरे की जानकारियां संजोने का काम किसी ने भी ठीक से नहीं किया। चे के संग्रह में वो तस्वीरें भी हैं जो उन्होंने कलकत्ता की सड़कों पर खींची। वो बंगाल के मुख्यमंत्री से भी मिले थे लेकिन ये बात फिर हैरान करती है कि वामपंथियों तक ने चे के दौरे पर कभी विस्तार से लिखना ज़रूरी नहीं समझा। खैर जब चे क्यूबा लौटे तो अपनी रिपोर्ट कास्त्रो को सौंपी। उसमें उन्होंने भारत के बारे में काफी कुछ लिखा है। सबसे अहम ये है कि खुद हथियार लेकर क्रांति करनेवाले चे ने गांधी के सत्याग्रह के प्रति आदर का भाव प्रकट किया। ओम थानवी के एक लेख के मुताबिक चे ने रिपोर्ट में लिखा- ‘‘जनता के असंतोष के बड़े-बड़े शांतिपूर्ण प्रदर्शनों ने अंग्रेजी उपनिवेशवाद को आखिरकार उस देश को हमेशा के लिए छोड़ने को बाध्य कर दिया, जिसका शोषण वह पिछले डेढ़ सौ वर्षों से कर रहा था।’’ 

तीन मूर्ति भवन में ऐतिहासिक मुलाकात
के पी भानुमति ने ऑल इंडिया रेेडियो के लिए उनका साक्षात्कार दिल्ली के अशोका होटल में लिया था जहां वो ठहरे थे। चे ने तब उनसे कहा था - ‘आपके यहां गांधी हैं, दर्शन की एक पुरानी परंपरा है। हमारे लैटिन अमेरिका में दोनों नहीं हैं। इसलिए हमारी मन:स्थिति ही अलग ढंग से विकसित हुई है।’
कमाल देखिए कि चे ग्वेरा भारतीयों को युद्ध से दूर रहनेवाला मानते थे। उन्होंने रिपोर्ट में लिखा था - 'भारत में युद्ध शब्‍द वहां के जनमानस की आत्‍मा से इतना दूर है कि वह स्‍वतंत्रता आंदोलन के तनावपूर्ण दौर में भी उसके मन पर नहीं छाया।' अगर चे आज भारत का दौरा करते तो शायद भारत को लेकर उनकी बहुत सी राय बदल जाती। आज चे की 50वीं पुण्यतिथि है। क्यूबा में ऐशो आराम के जीवन से विदाई लेकर चे बोलिविया में सशस्त्र क्रांति की कोशिश में जुट गए थे. 8 अक्टूबर 1967 को महज़ 39 साल की उम्र में गरीबों की ओर से लड़कर क्रांति लाने का प्रयास करते चे को बॉलीवियिन सेना ने घेरकर पकड़ लिया. खबर ऊपर तक पहुंची तो हत्या करने का फैसला हुआ. पहले चे को कमर से नीचे गोलियों से भून दिया गया और फिर तड़पते वक्त सीने में गोली उतार दी गई. चे का शव दो दिनों तक अफसरों और पत्रकारों के सामने नुमाइश के लिए रखा गया। इसके बाद हाथ काट कर गुमनाम जगह दफना दिया गया. उसके साथ दूसरे विद्रोहियों को भी दफन किया गया था. करीब तीस साल बाद क्यूबा को चे के अवशेष दिए गए तब हाथ कटे कंकाल से ही वो पहचाना गया था. चे पर भी हत्याओं के संगीन आरोप थे मगर अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ने के लिए चे ने यही चुना था. मानव को बंधन से आज़ाद कराने के लिए चे ने घर, पेशा और देश तक छोड़ दिया था। आखिरकार अपने हिस्से की नौ गोलियां झेलकर वो मुक्त हो गए।

(इति इतिहास श्रृंखला)
और फिर दर्दनाक अंत





बच्चों को वक्त से पहले बड़ा मत बनाइए..

एडोल्फ हिटलर के पगलाए राष्ट्रवाद में सारा जर्मनी कूद पड़ा था। जब जर्मन सैनिक एक एक करके मरने लगे और हिटलर का मायाजाल टूटने लगा तो जर्मन सेना ने छोटे-छोटे बच्चों के लिए भी भर्ती खोल दी। आखिरी सांस ले रही नाज़ी सरकार को शर्म नहीं आई और उसने राष्ट्र के नाम पर बच्चों तक को हथियार थमाकर युद्ध में भेज दिया। ये तस्वीर सोलह साल के हैन्स जॉर्ज हेंक की है जिसे हथियार देकर लड़ने को कहा गया। वो अपने देश के ही हेसन में जंग करता हुआ पकड़ लिया गया था। जब पकड़ा गया तो ज़ार ज़ार रोने लगा। बच्चा ही तो था, रोना बनता भी था। तभी ये तस्वीर ले ली गई। बेचारे के पिता 1938 में मर गए थे। मां भी 1944 में चल बसी। गुज़ारे के लिए कुछ करना था तो उसने 15 साल की उम्र में जर्मनी की वायु सेना में एंटी एयर स्क्वैड ज्वाइन कर लिया। साल भर लड़ा और फिर जर्मनी युद्ध हार गया। सोवियत सेना ने जर्मनी में घुसकर सबको घेर लिया था, वो उन्हीं में से एक था। 

16 साल के हैन्स जॉर्ज हेंक
फोटो अमेरिकी फोटोग्राफर जॉन फ्लोरिया ने लिया था। हैंस ने आगे चलकर कम्युनिस्ट पार्टी ज्वाइन की और 1997 तक जिए। ये तस्वीर कई भावनाएं उजागर करती है। सबसे बड़ी तो यही कि बच्चे को आप कितना भी राष्ट्रवाद सिखा दें लेकिन दिल से वो बच्चा ही होता है। पकड़े जाने पर वो बच्चे की ही तरह फूट पड़ा। बच्चे को बच्चा ही रहने दें। अपने पागलपन में उनको सनकी नहीं बनाना चाहिए। अपने बच्चों को भी बचाइए अगर आपको लग रहा हो कि वो बचपन में ही बड़ों जैसी बातें कर रहा है.. मरने -मारने, कटने-काटने की..

इति इतिहास श्रृंखला 

हैन्स जॉर्ज हेंक 1997 तक जिए

इतिहास की किताब से निकली सबसे दर्दनाक तस्वीर..

‘’मैंने एक दस साल के लड़के को आते देखा। वो एक छोटे बच्चे को पीठ पर लादे हुए था। उन दिनों जापान में अपने छोटे भाई-बहनों को खिलाने के लिए अक्सर बच्चे ऐसा करते ही थे, लेकिन ये लड़का अलग था। वो लड़का यहां एक अहम वजह से आया था। उसने जूते नहीं पहने थे। चेहरा एकदम सख्त था। उसकी पीठ पर लदे बच्चे का सिर पीछे की तरफ लुढ़का था मानो गहरी नींद में हो। लड़का उस जगह पर पांच से दस मिनट तक खड़ा रहा। इसके बाद सफेद मास्क पहने कुछ आदमी उसकी तरफ बढ़े और चुपचाप उस रस्सी को खोल दिया जिसके सहारे बच्चा लड़के की पीठ से टिका था। मैंने तभी ध्यान दिया कि बच्चा पहले से ही मरा हुआ था। उन आदमियों ने निर्जीव शरीर को आग के हवाले कर दिया। लड़का बिना हिले सीधा खड़ा होकर लपटें देखता रहा। वो अपने निचले होंठ को इतनी बुरी तरह काट रहा था कि खून दिखाई देने लगा। लपटें ऐसे धीमी पड़ने लगी जैसे छिपता सूरज मद्धम पड़ने लगता है। लड़का मुड़ा और चुपचाप धीरे धीरे चला गया। ‘’



जो तस्वीर आप देख रहे हैं ये उस तस्वीर की ही कहानी है। कहानी बतानेवाले शख्स थे जो ओ डोनल। डोनल को अमेरिकी सेना ने द्वीतीय विश्व युद्ध में जापान भेजा था ताकि वो वहां जाकर अपने कैमरे में उस विभीषिका को कैद कर सकें जिसे खुद अमेरिका ने फैलाया था। इस तस्वीर को डोनल ने नागासाकी में खींचा था। साल 1945 रहा होगा, क्योंकि डोनल ने सात महीनों तक पूरे पश्चिमी जापान में घूमकर विनाशलीला को तस्वीरों में कैद किया था। इस दौरान उनकी तस्वीरों में मानव इतिहास का सबसे भयावह और दर्दनाक दौर कैद हुआ था। लाश, घायल लोग, अनाथ बच्चे, बेघर परिवार.. चारों तरफ जापान में सिर्फ यही था।
सालों बाद जो ओ डोनल से एक जापनी पत्रकार ने इंटरव्यू लिया था। तब उन्होंने इस तस्वीर की जो कहानी बयां की थी वही मैंने ऊपर लिखी है।
कहीं पढ़ा था कि 1988 में आई जापानी फिल्म ‘ग्रेव ऑफ द फायरफ्लाइज़’ में बिलकुल ऐसी ही कहानी फिल्माई गई थी। वो फिल्म एक जवान भाई और उसकी छोटी बहन के बारे में थी जो द्वितीय विश्वयुद्ध में अपनी जान बचाने का कड़ा संघर्ष करते हैं।


(इति इतिहास श्रृंखला)

इतिहास की किताब से निकली सबसे प्यारी तस्वीर..

इंटरनेट की गलियों से गुज़रते हुए एक बहुत प्यारी तस्वीर से सामना हुआ। तस्वीर आपके सामने पेश कर रहा हूं। दूसरे विश्व युद्ध का ज़माना था। सिपाही अपनी प्रेमिकाओं और पत्नियों को अलविदा कहकर ऐसे सफर पर निकल रहे थे जिससे लौट आने का कोई भी वादा झूठा साबित होना था। जंग से पहले विदाई की इस तस्वीर के साथ साहिर लुधियानवी साहब की मशहूर कविता 'खून फिर खून है' की चंद पंक्तियां साझा कर रहा हूं। युद्ध की हुंकार भरते दिमागों में कोई बात बैठाना यूं तो मुश्किल है, लेकिन इंसान का जीवन बदलावों की किताब है सो कोशिश अपनी मुसलसल जारी है। उम्मीद है कि तस्वीर और कविता आपको ठंडक पहुंचाएगी।
बम घरों पर गिरें या सरहद पर
रूहे–तामीर ज़ख्म खाती है
खेत अपने जले कि औरों के
ज़ीस्त फ़ाकों से तिलमिलाती है..
जंग तो खुद ही एक मअसला है
जंग क्या मअसलों का हल देगी
आग और खून आज बख्शेगी
भूख और अहतयाज कल देगी..
बरतरी के सुबूत की खातिर
खूँ बहाना ही क्या ज़रूरी है
घर की तारीकियाँ मिटाने को
घर जलाना ही क्या ज़रूरी है..
इसलिए, ऐ शरीफ़ इंसानों!
जंग टलती रहे तो बेहतर है
आप और हम सभी के आँगन में
शम्मां जलती रहे तो बेहतर है..

(इति इतिहास श्रृंखला)

जब टकरा गया नाज़ी हुकूमत से प्यार...

बात ज़रा लंबी है लेकिन आज के दौर में काम की है। मेरी इस पोस्ट में कुछ तस्वीरें और एक कहानी है। ये तस्वीरें और कहानी मानव इतिहास का वो दस्तावेज़ हैं जिन पर हमें नाज़ होगा। पहले आपको कहानी सुना देता हूं ताकि तस्वीरें समझने में मदद मिले।
दोनों हाथ छाती पर बांधे ये आदमी ऑगस्ट लैंडमेसर है। जब उसके चारों तरफ लोग नाज़ी सैल्यूट कर रहे हैं तब वो अपने आसपास के शोर से बेपरवाह धूप में आंखें मिचमिचाए खड़ा है। जिस सीने के आगे उसने हाथ बांधे हैं उसमें धधकते विरोध को तब शायद लोगों ने ना समझा हो पर 22 मार्च 1991 के दिन जब Die Zeit (द टाइम्स) में ये तस्वीर छपी तो अचानक खलबली मच गई। लोगों को पहली बार ऑगस्ट के बारे में मालूम पड़ा। अहसास हुआ कि जब पूरा जर्मनी नाज़ी रंग में रंगा था उस वक्त एक आदमी ऐसा भी था जिसने अपना हाथ सलामी में नहीं उठाया। तस्वीर खिंची थी 13 जून 1936 को। हर कोई जानता था कि जिस दौर में ऑगस्ट ने नाज़ी सलामी नहीं दी थी तब ऐसा करने का मतलब क्या था? ऑगस्ट तब पानी के जहाज बनाने वाली कंपनी में कर्मचारी था। मौका था एक ताकतवर जहाज होर्स्ट वेसेल की लॉन्चिंग का। उसने साल 1931 में ही नाज़ी पार्टी की सदस्यता ले ली थी ताकि नौकरी पाने में कोई मदद मिल सके, लेकिन 1935 में एक यहूदी लड़की इरमा एकलर से सगाई के बाद पार्टी ने उसे निकाल बाहर किया। वो दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन नाज़ी लोग रक्त शुद्धता के सिद्धांत में बड़ा भरोसा करते थे। वो मानते थे कि नाज़ी शुद्ध आर्य हैं और उनकी शादियां यहूदियों से नहीं होनी चाहिए। ये उनकी तरह का लव जिहाद था। बहरहाल, 15 सितंबर 1935 को जर्मनी में न्यूरेमबर्ग कानून लागू हो गया जो इस तरह की शादियों को गैर कानूनी ठहराता था। नतीजतन दोनों ने बिना शादी के साथ रहने का फैसला किया। इस कानून के लागू होने के महीने भर बाद ही इरमा ने एक प्यारी सी बच्ची को जन्म दिया। ऑगस्ट जर्मनी में रह तो रहा था लेकिन तानाशाही से ऊब चुका था। उसे हिटलर के तौर तरीके नापसंद थे। आखिरकार 1937 में उसने परेशान होकर जर्मनी छोड़ने का फैसला किया और परिवारके साथ डेनमार्क जाने का मन बनाया। उसकी बदकिस्मती थी कि वो सरहद पर पकड़ा गया और नस्ल को बेइज़्ज़त कराने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया। एक साल तक उसका ट्रायल चलता रहा और अंत में उसे सबूतों के अभाव में सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
ऑगस्ट की ऐतिहासिक फोटो
परेशानियों का अंत नहीं था। वो अपने प्यार को छोड़ने के लिए राजी नहीं था। नाज़ियों की हर धमकी को वो उड़ाता ही चला जा रहा था। सरकार ने 1938 में उसे पकड़कर तीन सालों के लिए यातनागृह में भेज दिया। ये वही बदनाम यातनागृह थे जिनकी कल्पना आ भी रूह कंपकंपा देती है। इस सज़ा के बाद ऑगस्ट कभी अपने प्यार इरमा से मिल ना सका।
सीक्रेट पुलिस ने इरमा को भी नहीं बख्शा था। सात महीने की गर्भवती इरमा को गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया गया जहां उसने आईरीन को जन्म दिया। इसके बाद जल्द ही इरमा को एक यातनागृह में ट्रांसफर कर दिया गया जिसके बाद वो 14 हज़ार दूसरी महिलाओं के साथ कहां गई आप समझ सकते हैं।
ऑगस्ट की ऐतिहासिक फोटो
साल 1941 में ऑगस्ट जेल से बाहर आया। उसने फोरमैन के तौर पर नौकरी शुरू की। दो ही साल बीते थे कि उसे पीनल इन्फैंट्री में नौकरी करने के लिए मजबूर किया गया। ये सेना का वो हिस्सा था जहां उन लोगों को काम करने के लिए मजबूर किया जाता था जिन्हें किसी मामले में सज़ा दी गई हो। क्रोएशिया में ही वो गुम हो गया जिसके बाद मान लिया गया कि वो मर गया। लाश मिलने का तो सवाल था ही नहीं। साल 1949 में दोनों पति-पत्नी को औपचारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया गया और इस तरह नाज़ी जर्मनी में घटी आर्य और यहूदी जोड़े की प्रेम कहानी का अंत हो गया।
इरमा एकलर
ऑगस्ट और इरमा की बेटियों ने अपने माता-पिता की कहानी को दिल में बसाए रखा। साल 1996 में इरीन ने एक किताब छपवाई जिसमें इस कहानी से जुड़े तमाम सबूत थे। जिसने भी बहादुर और ज़िद्दी ऑगस्ट के बारे में पढ़ा वही अभिभूत था। ऑगस्ट अपने दौर में सरकारी प्रतिरोध की मिसाल बन गया। वो तस्वीर जिसमें सैकड़ों लोगों के बीच वो अकेला अपने सीने के सामने हाथ बांधे खड़ा है, उसी तस्वीर ने लोगों को अहसास दिलाया कि चाहे जैसा भी वक्त हो, विरोध अकेला आदमी भी कर सकता है। मेरे लिए ऑगस्ट हीरो है। चाहे उसके विरोध की वजह नितांत राजनीतिक ना होकर यही क्यों ना हो कि उसकी मुहब्बत को व्यवस्था ने स्वीकार नहीं किया। जब वो विरोध कर रहा था तब दुनिया उसके खिलाफ थी, और आज जब वो नहीं है तो उसकी तस्वीर हर उस इंसान के लिए मिसाल है जो किसी ना किसी मज़बूत व्यवस्था के खिलाफ कोई ना कोई वजह लेकर संघर्षरत है।
(जिस पानी के जहाज को ऑगस्ट के साथी सलामी दे रहे थे, दूसरी वर्ल्ड वॉर में जीत के बाद अमेरिका ने उसे अपने बेड़े में ईगल नाम से शामिल कर लिया। वो आज भी समंदर में अपने काम पर है।)
तब होर्स्ट और आज ईगल
(इति इतिहास श्रृंखला)